ताजा खबर
5 माह के भीतर 8 मौतें
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायगढ़, 24 मई। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तालाब किनारे एक हाथी के बच्चे का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। बीती रात नहाते समय पानी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मामला धरमजयगढ़ के छाल रेंज का है। जिले में जनवरी से अब तक कुल 8 हाथी शावकों की मौत हो चुकी है।
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में ही इन दिनों 140 हाथी अलग-अलग दल में विचरण कर रहे हैं, जिसमें सबसे अधिक छाल रेंज के अलग अलग बिट में कुल 70 हाथियों की मौजूदगी है।
बताया जा रहा है कि बीती रात 8 बजे के आसपास पुसल्दा गांव के जंगल किनारे स्थित आमामुड़ा तालाब में हाथियों का एक बड़ा दल नहा रहा था, संभवत: नहाते समय बड़े हाथियों के नीचे दबकर एक शावक की मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद मादा हाथी अपने शावक को सूंड से उठाकर तालाब से निकालकर किनारे तक लेकर पहुंची और रात भर हाथियों का दल तालाब के पास चिंघाड़ रहा था और अभी भी कई हाथियों के मृतक शावक के आसपास विचरण करने के बात कही जा रही है।
वन विभाग और डाक्टरों की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है, हाथियों के जंगल तरफ जाने के बाद ही मृत हाथी शावक के पोस्टमार्टम की प्रकिया की जाएगी। रायगढ़ में लगातार हाथी शावक की मौत चिंता का विषय बना हुआ है। महज 5 माह के भीतर ही 8 हाथी शावकों की मौत हो चुकी है।
हाथी मौत 2026 रिकार्ड
27 जनवरी को घरघोड़ा रेंज के कमतरा बीट में चट्टान में फंसकर 1 हाथी शावक की मौत, 22 फरवरी को तमनार रेंज के झिंगोल परिसर में कमजोरी से 1 हाथी शावक की मौत, 11 मार्च को घरघोड़ा रेंज के कुरकुट नदी में 2 हाथी शावकों का शव मिला, 23 अप्रैल को लैलूंगा रेंज के आमापाली में कमजोरी से 1 हाथी शावक की मौत, 8 मई को छाल रेंज के घोघरा डेम में 1 हाथी शावक की मौत, 11 मई को छाल रेंज के तरकेला गांव में 1 हाथी शावक की मौत, 22 मई की रात छाल रेंज के पुसल्दा गांव में तालाब में नहाते समय हाथी 1 शावक की मौत।


