ताजा खबर
भारतमाला परियोजना के संदिग्ध को बचाने की कोशिश कर रहे...
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मई। पूर्व विधायक महासमुंद डॉ. विमल चोपड़ा ने आरोप लगाया है कि भारतमाला परियोजना में संदिग्ध भूमिका निभाने वाले और विवादों में घिरे लोग रायपुर मंत्रालय से फ ोन करवाकर स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। इस पूरे मामले में मुख्य रूप से दुर्गेश वर्मा की भूमिका खास है। दुर्गेश वर्मा पूर्व में महासमुंद में एडीएम और डिप्टी कलेक्टर के पद पर रह चुके हैं।
डॉ.चोपड़ा ने मेल के जरिए विज्ञप्ति जारी कर आगे कहा कि दुर्गेश वर्मा द्वारा महासमुंद के जमीन संबंधी विवादित और संवेदनशील प्रकरणों में गलत तरीके से संलिप्त लोगों की सहायता करने और उनके पक्ष में फैसला दिलवाने के लिए स्थानीय अधिकारियों पर निरंतर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है।
डॉ. चोपड़ा का आरोप है कि श्री वर्मा को इससे पहले राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के यहां से भी इसी आधार पर हटाया गया था क्योंकि उसका नाम कई मामलों में संदेहास्पद था और वह लगातार संदेह के घेरे में बना हुआ था।
अब वह बिना संबंधित विभागीय मंत्री की जानकारी केए सीधे राजस्व विभाग में फोन करके जमीनों के मामलों में बड़ी हेराफेरी करने वाले लोगों के पक्ष में अनुचित निर्णय करवाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। सरकारी तंत्र और पद का दुरुपयोग करके भू-माफियों को फायदा पहुंचा रहे हैं। उन्होंने इस विषय को लेकर महासमुंद कलेक्टर से भी फ ोन के माध्यम से सीधे शिकायत दर्ज कराई है और मामले की संवेदनशीलता व इससे राजस्व को होने वाले नुकसान से उन्हें अवगत कराया है।
राजस्व विभाग में चल रहे भ्रष्टाचार और दबाव की राजनीति को समाप्त करने तथा दोषियों को सजा दिलाने के लिए डॉ. विमल चोपड़ा द्वारा इस पूरे प्रकरण की एक विस्तृत लिखित शिकायत प्रदेश के मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री और मुख्य सचिव को भेज दी गई है। जिसमें दुर्गेश वर्मा के खिलाफ सख्त और दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है। इसके साथ ही, महासमुंद जिले में जमीनों से जुड़ी इस बड़ी गड़बड़ी की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्च स्तरीय जांच सुनिश्चित करने के लिए शिकायत की एक प्रति प्रधानमंत्री कार्यालय दिल्ली को भी प्रेषित की जा रही है, ताकि दिल्ली स्तर से भी इस पर नजर रखी जा सके और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को बिना किसी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव के ईमानदारी से काम करने का माहौल मिल सके।


