ताजा खबर
ट्रक में था 10 लाख का तेन्दूपत्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 मई। मोहला-मानपुर जिले में शनिवार शाम को तेन्दूपत्ता से भरी एक ट्रक जलकर खाक हो गई। शुरूआती जांच में घटना शार्ट-सर्किट के चलते होने का अंदेशा जाहिर किया जा रहा है। ट्रक में 10 लाख का तेन्दूपत्ता था। मोहला ब्लॉक के मटेवा से डोंगरगांव गोदाम के लिए ट्रक तेन्दूपत्ता लेकर निकला था। इसी बीच एक बिजली तार से निकली चिंगारी से ट्रक आग के जद में आ गई और देखते ही देखते जलकर खाक हो गया। तेन्दूपत्ता व्यापारी की ओर से फायर ब्रिगेड की मदद के लिए कई बार अं. चौकी में संपर्क किया गया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया।
मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव को रहने वाले तेन्दूपत्ता ठेकेदार योगेश कोटक ने अपनी मालवाहक गाड़ी में 10 लाख रुपए मूल्य का तेन्दूपत्ता को डोंगरगांव के गोदाम के लिए रवाना किया था। इसी बीच एक बिजली तार से निकली चिंगारी से तेन्दूपत्ता समेत ट्रक में आग लग गई।
बताया जा रहा है कि एक गांव से ड्राइवर ने ट्रक को जलती हुई हालत में बाहर निकाला और तालाब के पास ले गया, तब तक ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। ड्राइवर के प्रयास से गांव के भीतर होने वाला एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन तेन्दूपत्ता और ट्रक जलकर नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि तेन्दूपत्ता ठेकेदार की ओर से अंबागढ़ चौकी के सरकारी फायर ब्रिगेड में आग बुझाने के लिए लगातार फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।


