ताजा खबर

रामलला दर्शन के नाम पर 75 ग्रामीणों से ठगी
24-May-2026 12:06 PM
रामलला दर्शन के नाम पर 75 ग्रामीणों से ठगी

वसूले 1.12 लाख रुपए, तारीख आई तो मोबाइल बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 24 मई।
अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने का झांसा देकर दो गांवों के 75 ग्रामीणों से एक लाख 12 हजार रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ग्रामीणों से पैसे लेने के बाद फरार हो गया। यात्रा की तय तारीख गुजरने और मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद ग्रामीणों को ठगी का एहसास हुआ। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण रतनपुर थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गोंदइया गांव निवासी हेमंत साहू ने बताया कि मुंगेली जिले के झझपुरीकला निवासी होरीलाल अनंत पिछले करीब एक साल से गांव में आना-जाना कर रहा था। वह खुद को अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र कैंप कार्यालय, राम कचहरी आश्रम का सदस्य बताता था। भरोसा जीतने के लिए उसने कथित रजिस्ट्रेशन नंबर और पैन कार्ड भी दिखाया था।

शुरुआत में आरोपी ग्रामीणों से सहयोग के नाम पर चावल और छोटी रकम इकट्ठा करता रहा। बाद में उसने कम खर्च में अयोध्या यात्रा कराने का लालच दिया। प्रति व्यक्ति 1501 रुपए किराया तय किया गया। गोंदइया गांव के 43 लोगों से 64 हजार 543 रुपए वसूले गए। इनमें भारती यादव, निर्मला बाई, रुकमणी साहू, रवि साहू और नारायण साहू समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं।

इसी तरह बछलीखुर्द गांव के 32 ग्रामीणों से 48 हजार 32 रुपए जमा कराए गए। रुपाली यादव, रूपकुंवर, भगवत जगत और उमेश्वर तिवारी सहित कई लोगों ने पैसे दिए थे। इस तरह आरोपी ने दोनों गांवों के 75 लोगों से कुल 1 लाख 12 हजार 575 रुपए वसूल लिए।

ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी ने 5 मई को ट्रेन से अयोध्या ले जाने का वादा किया था। लेकिन यात्रा की तारीख नजदीक आते ही उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। गांव में भी उसका आना-जाना बंद हो गया। तय दिन ग्रामीण यात्रा की तैयारी कर इंतजार करते रहे, लेकिन आरोपी नहीं पहुंचा। इसके बाद लोगों को समझ आया कि रामलला दर्शन के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।


अन्य पोस्ट