ताजा खबर
कांग्रेस ने डॉलर के मुकाबले रुपये के कमज़ोर होने और पेट्रोल की बढ़ती क़ीमतों को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है.
कांग्रेस की ओर से आयोजित की गई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कांग्रेस नेता राजीव गौड़ा ने कहा, "आज भारत के लोग देख रहे हैं और यह सोच रहे हैं कि 100 का आंकड़ा पहले कौन पार करेगा. डॉलर के मुकाबले कमज़ोर होता रुपया या देश में पेट्रोल की क़ीमतें."
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर दी गई वर्क फ़्रॉम होम करने की सलाह पर निशाना साधा है.
कांग्रेस नेता डॉली शर्मा ने कहा, "मोदी सरकार ने जनता से कहा वर्क फ़्रॉम होम करिए. अब नरेंद्र मोदी बताएं कि असल में कितने लोग वर्क फ़्रॉम होम कर सकते हैं और किन वर्गों के लिए यह संभव है."
"प्रवासी मज़दूर और कंस्ट्रक्शन का काम करने वाले मज़दूर घर से काम नहीं कर सकते जबकि उन्हें महंगे गैस सिलेंडर खरीदने पड़ रहे हैं. आलम ये है कि मज़दूर गांव की ओर लौट रहे हैं."
ग़ौरतलब है कि शनिवार को पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई है. पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है. 15 मई से अब तक यह तीसरी बार दाम बढ़े हैं. (bbc.com/hindi)


