ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दंतेवाड़ा , 23 मई। दंतेवाड़ा में संयुक्त पुलिस दल को 5 किलो का प्रेशर कुकर आईडी बरामद करने में शनिवार को कामयाबी मिली।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 195वीं वाहिनी सीआरपीएफ की यंग प्लाटून पार्टी एवं बम निरोधक दस्ते की टीम को थाना बारसूर अंतर्गत ग्राम हिड़पाल के पहाड़ी एवं घने जंगल क्षेत्र तथा आसपास के संवेदनशील इलाकों में सर्च ऑपरेशन हेतु रवाना किया गया।
उक्त अभियान प्रात: 5 बजे द्वितीय कमान अधिकारी विक्रांत वर्मा के मार्गदर्शन में तथा सहायक कमांडेंट संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में जिला पुलिस के साथ संयुक्त रूप से प्रारंभ किया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में गहन सर्चिंग करते हुए संभावित नक्सली गतिविधियों एवं छिपाकर रखे गए विस्फोटक सामग्री की तलाश की जा रही थी।
सर्चिंग के दौरान सुबह 8.20 बजे ग्राम हिड़पाल के जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों को संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जवानों द्वारा अत्यंत सतर्कता एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इलाके को सुरक्षित किया गया तथा बम निरोधक दस्ते की टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच करने पर उक्त संदिग्ध वस्तु एक प्रेशर कुकर आईईडी पाया गया, जिसका वजन लगभग 5 किलोग्राम था।
नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाने एवं आम नागरिकों में भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से उक्त आईईडी को जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा गया था। बीडीएस टीम द्वारा विशेषज्ञ तकनीकी प्रक्रिया अपनाते हुए मौके पर ही आईईडी को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर नष्ट किया गया।
सुरक्षा बलों की सतर्कता, सूझबूझ एवं त्वरित कार्यवाही के कारण संभावित बड़ी जनहानि टल गई। अभियान के दौरान आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त सर्चिंग भी की गई। अभियान पूर्ण होने के उपरांत सभी अधिकारी एवं जवान सुरक्षित रूप से 10.55 बजे अपने-अपने बेस कैम्प वापस लौट आए।


