ताजा खबर
कोनी डिपो और चार्जिंग स्टेशन जल्द होंगे तैयार
नगरीय प्रशासन सचिव आर. संगीता का बिलासपुर दौरा
7 घंटे तक योजनाओं की समीक्षा और जमीनी निरीक्षण
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 23 मई। शहर में पीएम ई-बस सेवा को लेकर तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की नव नियुक्त सचिव आर, संगीता ने बिलासपुर के अपने पहले दौरे में कोनी स्थित सिटी बस चार्जिंग स्टेशन और डिपो निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा इसे एक महीने के भीतर हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत मिलने वाली बसें जल्द शहर पहुंचेंगी।
सचिव आर. संगीता ने शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक तरबहार स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में नगर निगम के कामकाज की समीक्षा की। इसके बाद शाम 3:30 बजे से 6:30 बजे तक शहर में चल रही विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
समीक्षा बैठक में सचिव ने निगम की वित्तीय स्थिति, राजस्व वसूली, विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति का बिंदुवार आकलन किया। उन्होंने कहा कि किसी भी नगरीय निकाय की मजबूती का आधार उसका राजस्व होता है, इसलिए शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए। पिछले वित्तीय वर्ष के 15 करोड़ रुपये बकाया राजस्व की वसूली के लिए दिसंबर 2026 तक की समयसीमा तय की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित कर्मचारियों और प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों का वेतन हर महीने के पहले सप्ताह में अनिवार्य रूप से जारी किया जाए। टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही चयनित एजेंसी से तत्काल अनुबंध कर कार्य शुरू कराया जाए, ताकि विकास कार्य लंबित न रहें।
बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित जिले के नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।
सचिव ने मधुबन इलाके में निर्माणाधीन एजुकेशन हब के नालंदा परिसर और एकेडमिक ब्लॉक को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना युवाओं के भविष्य को बदलने वाली साबित होगी।
पीएम आवास योजना के तहत जिन हितग्राहियों ने अब तक निर्माण शुरू नहीं किया है, उनके घर जाकर व्यक्तिगत रूप से समझाइश देने के निर्देश भी दिए गए। वार्ड नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों को मॉडल वार्ड बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जहां सड़क, पानी, बिजली और सफाई व्यवस्था बेहतर हो।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने कछार स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र और बिरकोना स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि शहर का कोई भी घर कचरा संग्रहण से छूटना नहीं चाहिए। सार्वजनिक शौचालयों और सड़कों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए।
मोपका गौठान स्थित एसआरएलएम सेंटर में सचिव ने स्वच्छता दीदियों से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग संग्रहित करने, हर घर से कचरा उठाने और स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से शहर में स्वच्छता की नई क्रांति लाई जा सकती है।
इस दौरान स्वच्छता समूह की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार उत्पाद भी सचिव को भेंट किए। वहीं पीएम आवास योजना के अपूर्ण निर्माण वाले हितग्राहियों से भी उन्होंने सीधे बातचीत कर जल्द काम पूरा करने की अपील की।


