ताजा खबर

भाजपा नेत्री की शिकायत पर रांची कारोबारी गिरफ्तार, वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
23-May-2026 11:59 AM
भाजपा नेत्री की शिकायत पर रांची कारोबारी गिरफ्तार, वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद

आरोपी बोला-कोल माइंस दिलाने के नाम पर की 80 लाख की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 23 मई। भाजपा से जुड़ी एक महिला नेत्री की शिकायत पर दुष्कर्म के मामले में रांची के कारोबारी संजय सिंह को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इधर, गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला है, जिसमें उसने पूरे मामले को झूठा बताते हुए महिला नेत्री पर राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर फंसाने का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार, महिला नेत्री ने 14 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर 2025 को आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। मामला हाई प्रोफाइल होने और घटना करीब आठ महीने पुरानी होने के कारण पुलिस ने पहले गोपनीय जांच की। एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस टीम रांची पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार देर रात बिलासपुर लाई।

वायरल वीडियो में आरोपी संजय सिंह दावा कर रहा है कि महिला ने राजनीतिक संपर्कों का हवाला देकर उसे कोल माइंस आवंटन दिलाने का भरोसा दिया था और इसी नाम पर उससे करीब 80 लाख रुपये लिए गए। आरोपी का कहना है कि काम नहीं होने पर उसने पैसे वापस मांगे। उसने आरोप लगाया कि 21 अप्रैल को रायपुर में हुई मुलाकात के बाद उसने अपनी थार वाहन वापस मांगी, जिसके बाद उसका नंबर ब्लॉक कर दिया गया और बाद में दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया गया।

बताया जा रहा है कि संजय सिंह रांची का बड़ा ठेकेदार है। ट्रांसपोर्ट कारोबार से शुरुआत करने के बाद उसने नगर निगम और पुलिस हाउसिंग विभाग के कई बड़े ठेके हासिल किए। रांची के कचहरी चौक में उसका व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स भी है। बिलासपुर से भी उसके पारिवारिक संबंध बताए जा रहे हैं।

मामले की एफआईआर में करोड़ों रुपये के लेनदेन का जिक्र है। शिकायत में 1.57 करोड़ रुपये नकद देने, 25 लाख रुपये निवेश करने और संयुक्त खाते से 1 करोड़ रुपये निकालने की बात कही गई है।  

एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि कथित घटना के बाद महिला आरोपी के साथ आसनसोल गई, होटल में रुकी और कारोबारी लेनदेन भी जारी रहा। दोनों परिवारों के बीच नियमित संपर्क और आरोपी की पत्नी से महिला की बातचीत का भी जिक्र किया गया है।

घटना रायपुर-बिलासपुर हाईवे, रेस्टोरेंट और शहर के व्यस्त इलाकों में होने का दावा किया गया है।  

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक पार्टनरशिप फर्म के जरिये करोड़ों रुपयों का लेन-देन हुआ है। कारोबारी पर महिला ने शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उसके बाद भी उसे लगातार धमकियां दी जाती रही है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

 


अन्य पोस्ट