ताजा खबर

भीषण गर्मी से सूखे जंगल के जलस्रोत, सड़क किनारे पहुंचा हिरणों का झुंड
23-May-2026 11:57 AM
भीषण गर्मी से सूखे जंगल के जलस्रोत, सड़क  किनारे पहुंचा हिरणों का झुंड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 23 मई। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जंगलों के भीतर मौजूद छोटे तालाब, नाले और प्राकृतिक जलस्रोत सूखने लगे हैं। पानी की तलाश में जंगली जानवर अब गांवों और सड़कों के आसपास नजर आने लगे हैं।

इसी बीच पेंड्रा-रतनपुर मुख्य मार्ग पर करियाम गांव के पास करीब एक दर्जन हिरणों का झुंड दिखाई दिया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने हिरणों को खुले इलाके में घूमते देखा तो कई वाहन रुक गए। राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें भी रिकॉर्ड कीं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

कुछ देर तक हिरण जंगल किनारे खुले क्षेत्र में घूमते रहे और बाद में वापस जंगल की ओर लौट गए। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस साल गर्मी ने जल्दी और ज्यादा असर दिखाया है। जंगलों के भीतर के अधिकांश जलस्रोत लगभग सूख चुके हैं, जिसके कारण वन्यजीव आबादी वाले इलाकों की ओर आने लगे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी हाथी, भालू और अन्य जंगली जानवर गांवों के आसपास देखे जा चुके हैं। वन विभाग के जानकारों के मुताबिक गर्मी के मौसम में वन्यजीवों का पानी और भोजन की तलाश में जंगल से बाहर आना सामान्य बात है, लेकिन मुख्य मार्गों के आसपास उनकी मौजूदगी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।

पेंड्रा-रतनपुर मार्ग पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में इन हिरणों के हताहत होने की आशंका भी बनी रहती है।


अन्य पोस्ट