ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 22 मई । भीषण गर्मी और पेयजल की समस्या को देखते हुए सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बालोद जिला प्रशासन ने तांदुला जलाशय से नदी और स्थानीय नहरों में पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। इससे ग्राम गुरेदा एवं आसपास के कई ग्रामीणों को निस्तारी की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि 18 मई को ग्राम गुरेदा में सुशासन तिहार में ग्राम गुरेदा सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे थे। ग्रामीणों ने भीषण गर्मी के कारण हो रही पानी की किल्लत का हवाला देते हुए तांदुला नदी में पानी छोड़ने के लिए आवेदन सौंपा था। दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर और कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने मौके पर ही जल संसाधन विभाग के अधिकारी को तांदुला जलाशय से पानी छोड़ने के निर्देश दिए।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता पीयुष देवांगन ने बताया कि 20 मई को तांदुला जलाशय से पानी छोड़ना प्रारंभ कर दिया गया है, इससे तांदुला नदी में स्केप के माध्यम से तथा गुण्डरदेही वितरक शाखा नहर के जरिए भी पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है।


.jpg)
