ताजा खबर

बिजली तार की चपेट में तेंदूपत्ता से भरे ट्रक में लगी आग
22-May-2026 3:06 PM
बिजली तार की चपेट में तेंदूपत्ता से भरे ट्रक में लगी आग

ड्राइवर-मजदूरों ने भागकर बचाई जान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर,  22 मई।
कांकेर जिले के अंतागढ़ कोयलीबेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सोनपुर रेंज के बोगान और हेटारकसा फड़ से तेंदूपत्ता भरकर नारायणपुर जा रहा एक ट्रक बिजली तार की चपेट में आ गया। जिससे ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक में भरा तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त ट्रक में ड्राइवर और मजदूर मौजूद थे। ड्राइवर की सूझबूझ से सभी लोगों की जान बच गई और समय रहते वे सुरक्षित बाहर निकल आए।
हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि ट्रक और उसमें भरा तेंदूपत्ता पूरी तरह जल गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन दमकल वाहन या अन्य किसी प्रकार की तत्काल सहायता नहीं मिलने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
 घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल किसी जनहानि की खबर नहीं है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
 


अन्य पोस्ट