ताजा खबर
दो वाहन जब्त, एक नाबालिग भी शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 22 मई। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 156.06 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में विधि से संघर्षरत एक बालक सहित कुल 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए गए दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया है। जब्त गांजा और वाहनों की कुल कीमत लगभग 86 लाख 53 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना देवभोग पुलिस द्वारा यह संयुक्त कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से भारी मात्रा में गांजा वाहनों के माध्यम से अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
पहली कार्रवाई ग्राम मुरलीगुड़ा डोंगरीपारा मार्ग में की गई, जहां सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमपी 04 बीडी 7321 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन चालक तेजी से भागने लगा, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर नीम के पेड़ से टकरा गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन में सवार आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहन से तीन प्लास्टिक बोरियों में कुल 80 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
इसी क्रम में दूसरी सूचना पर पुलिस टीम ने पुलिया के पास घेराबंदी कर मारुति सुजुकी एस-क्रॉस वाहन क्रमांक एमपी 04 केजी 0614 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर चार प्लास्टिक बोरियों में 76.06 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 38 लाख 3 हजार रुपये बताई गई है। दोनों वाहनों से कुल 156.06 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दोनों चारपहिया वाहनों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
दोनों मामलों में थाना देवभोग में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गरियाबंद पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


