ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 22 मई। जांजगीर क्षेत्र के अर्जुनी गांव के रामसागर तालाब में नहाने गई दो सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चियां अपनी दादी के साथ तालाब पहुंची थीं, लेकिन खेलते-खेलते गहरे पानी में चली गईं और फिर बाहर नहीं निकल सकीं।
जानकारी के मुताबिक, नहरपारा निवासी अशोक रात्रे की बेटियां श्रुति रात्रे (9) और मुस्कान रात्रे (8) गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपनी दादी के साथ तालाब गई थीं। दादी घाट पर कपड़े धोने में व्यस्त थीं, जबकि दोनों बच्चियां तालाब में नहा रही थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते वे धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर पहुंच गईं।
बताया जा रहा है कि दोनों बहनों को तैरना नहीं आता था। कुछ देर तक बच्चियों के दिखाई नहीं देने पर दादी को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने आसपास तलाश शुरू की और शोर मचाया। इसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और तालाब में खोजबीन शुरू की गई।
काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


