ताजा खबर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'चार घंटे से ज़्यादा चली' कैबिनेट बैठक के बारे में क्या कहा
22-May-2026 11:02 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'चार घंटे से ज़्यादा चली' कैबिनेट बैठक के बारे में क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करते हुए गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक पर प्रतिक्रिया दी है.

उन्होंने एक्स पर लिखा, "कल मंत्रिपरिषद की बैठक काफ़ी उपयोगी रही. हमने 'ईज़ ऑफ़ लिविंग', 'ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस' को बढ़ावा देने और 'विकसित भारत' के साझा सपने को साकार करने के लिए सुधारों को आगे बढ़ाने से जुड़े विचारों और बेहतर तरीक़ों पर चर्चा की."

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह बैठक 'चार घंटे से ज़्यादा' चली और इसमें सभी कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और राज्य मंत्री शामिल हुए.

पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने मंत्रिपरिषद से कहा कि भारत को पूरी तरह विकसित राष्ट्र बनाने के लिए 2047 को लक्ष्य वर्ष मानकर काम किया जाए.

उन्होंने मंत्रियों से कहा कि उनका मक़सद हमेशा लोगों की ज़िंदगी को आसान बनाना और "ईज़ ऑफ़ लिविंग" सुनिश्चित करना होना चाहिए.

इसके अलावा सूत्रों ने पीटीआई को बताया, "पीएम मोदी ने कहा कि लोगों की ज़िंदगी में किसी भी तरह का अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए."

पीटीआई के मुताबिक़, बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर और विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों ने अपना प्रेज़ेंटेशन भी दिया. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट