ताजा खबर

किराना दुकान-गोदाम में लगी आग
21-May-2026 4:55 PM
किराना दुकान-गोदाम में लगी आग

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 21 मई।
 बलौदाबाजार के लवन रोड स्थित एक किराना दुकान और गोदाम में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेल के टीन और किराना सामान से आग भड़क गई और शाम साढ़े 4 बजे तक आग बुझाने दमकल टीम जुटी हुई है।
'दीपल टेंडर्सÓ नामक दुकान और उससे जुड़े गोदाम में  करीब 3 बजे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का घना गुबार फैल गया।

गोदाम में बड़ी मात्रा में किराना सामग्री, खाद्य उत्पाद और तेल के टीन रखे हुए थे। ज्वलनशील सामान अधिक होने की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक हादसे में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
10 दमकल गाडिय़ां लगातार कर रहीं मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही बलौदाबाजार फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए जिले की करीब 10 दमकल गाडिय़ां लगातार पानी की बौछार कर रही हैं। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

फोम फायर ब्रिगेड में आई तकनीकी खराबी
आग की गंभीरता को देखते हुए फोम फायर ब्रिगेड वाहन भी बुलाया गया, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद उसमें तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति ऐसी बनी कि वाहन को धक्का देकर आगे बढ़ाना पड़ा। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए रायपुर से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड टीम भी बुलाई गई है।

पुलिस ने खाली कराया आसपास का इलाका
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को खाली कराया गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे, जिसके चलते पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं दमकल विभाग लगातार आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश कर रहा है।
 


अन्य पोस्ट