ताजा खबर

घर छोड़कर निकली महिला से रेप, पति के दोस्त समेत दो गिरफ्तार
21-May-2026 12:24 PM
घर छोड़कर निकली महिला से रेप, पति के दोस्त समेत दो गिरफ्तार

शराब पिलाकर जंगल ले गए थे आरोपी, पुलिस ने भेजा जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 21 मई। कोरबा जिले के बालको क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पति से विवाद के बाद घर छोड़कर निकली महिला को उसके पति के परिचित और उसके साथी ने अपने झांसे में लिया, शराब पिलाई और फिर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 15 मई की शाम करीब साढ़े सात बजे खाना बनाने की बात को लेकर उसका पति से विवाद हो गया था। नाराज होकर वह घर से निकल गई और बालको पुल के पास एक सब्जी दुकान के पास रुक गई। रात होने पर उसने पास के मंदिर में रात बिताने का फैसला किया।

अगली सुबह वह ऑटो से बालको पहुंची, जहां उसकी मुलाकात पति के दोस्त जाबिद अली और निरंजन सिंह से हुई। दोनों परिवारों के बीच पहले से जान-पहचान थी। जाबिद के कहने पर सरदार नामक व्यक्ति उसे अपने घर ले गया और परिवार के साथ ठहराया।

शाम को जब महिला को घर छोड़ने की तैयारी हो रही थी, उसी दौरान रास्ते में जाबिद फिर मिला। उसने महिला का मन हल्का करने के बहाने बाइक पर बैठाकर लालघाट की ओर ले गया। उसके साथ निरंजन सिंह भी था।

पीड़िता के अनुसार दोनों ने उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद पेट्रोल पंप में बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद उसे लालघाट के जंगल क्षेत्र में ले जाया गया। वहां निरंजन सिंह महिला और जाबिद को छोड़कर चला गया।

महिला ने आरोप लगाया कि रात करीब 10 बजे जाबिद अली ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। सुबह करीब 4 बजे उसने फोन कर सरदार को मौके पर बुलाया। बाद में महिला को बालको के पास छोड़ दिया गया।

घटना के बाद महिला पैदल अपनी मौसी के घर पहुंची और पूरी जानकारी दी। इसके बाद उसके पति को बुलाया गया। 19 मई को महिला ने बालको थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी जाबिद अली और उसके साथी निरंजन सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

 


अन्य पोस्ट