ताजा खबर

अब हर कोने तक पहुंचेगी डायल-112 सेवा
21-May-2026 12:23 PM
अब हर कोने तक पहुंचेगी डायल-112 सेवा

बिलासपुर को मिली 24 हाईटेक पुलिस गाड़ियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 21 मई। प्रदेश में आपातकालीन पुलिस सेवा ‘डायल-112’ को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने नई शुरुआत की है। आधुनिक तकनीक से लैस 400 से अधिक स्मार्ट वाहनों का बेड़ा प्रदेशभर में जनता की सुरक्षा के लिए समर्पित किया गया है। रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और गृह मंत्री विजय शर्मा ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसी अभियान के तहत बिलासपुर जिले को 24 नई डायल-112 गाड़ियां मिली हैं। इन्हें जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में तैनात किया गया है, ताकि दुर्घटना, ट्रैफिक जाम, तस्करी, चोरी, लूट, डकैती, महिला एवं बाल अपराध, आगजनी और अन्य आपराधिक घटनाओं में तेजी से कार्रवाई की जा सके।

नई गाड़ियों में लाइव सीसीटीवी कैमरे, अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बिलासपुर जिले के कोटा, मस्तूरी, सिविल लाइन, सिरगिट्टी, सरकंडा और कोनी क्षेत्रों में दो-दो वाहन तैनात किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में ये सभी वाहन अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहेंगे। जरूरत पड़ने पर नागरिक डायल-112 के जरिए तत्काल सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने वर्चुअली जुड़कर शुभकामनाएं दीं।

वहीं तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

 


अन्य पोस्ट