ताजा खबर
फेसबुक विज्ञापन देखकर किया था संपर्क, दिल्ली बुलाकर आरोपी ने बंद कर लिया फोन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 21 मई। दिल्ली के प्रतिष्ठित एफएमएस कॉलेज में मैनेजमेंट कोटे से एमबीए में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर साइबर ठग ने बिलासपुर की एक महिला से 3 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने खुद को कॉलेज का फैकल्टी सदस्य और एडमिशन अधिकारी बताकर महिला का भरोसा जीता। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने रांची निवासी युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शांति नगर मंगला स्थित शिवम रेसिडेंसी में रहने वाली कैरोलिन मैरी ओ’कॉनर (51) ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने बेटे के एमबीए एडमिशन के लिए फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन असली लगने पर उन्होंने दिए गए नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद उनकी बातचीत झारखंड के रांची निवासी अतुल्य अनुभव (23) से हुई।
आरोपी ने खुद को यूनिवर्सिटी का फैकल्टी सदस्य बताते हुए बड़े अधिकारियों से संपर्क होने का दावा किया। उसने कहा कि वह महिला के बेटे एंड्रयू जुडा ओ’कॉनर का एफएमएस दिल्ली में एडमिशन करवा देगा।
धीरे-धीरे भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने सीट रिजर्वेशन, प्रोसेसिंग फीस, एडमिनिस्ट्रेटिव अप्रूवल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 3 लाख रुपये ले लिए। इनमें 2 लाख रुपये फोनपे के जरिए और 1 लाख रुपये सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए।
11 मई को आरोपी ने महिला को एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए दिल्ली बुलाया। बेटे के भविष्य को लेकर चिंतित महिला दिल्ली पहुंच गईं, लेकिन वहां पहुंचने पर आरोपी का मोबाइल बंद मिला। बाद में जब उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट जांचे तो वे डिलीट या ब्लॉक मिले।
तब महिला को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं। बिलासपुर लौटने के बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब आरोपी के बैंक खाते और मोबाइल नंबर के आधार पर जांच कर रही है।


