ताजा खबर
रोम, 20 मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला से मुलाकात की और व्यापार, प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में भारत-इटली साझेदारी को और बढ़ाने पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी 15-20 मई तक अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे। इससे पहले वह संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्वीडन और नॉर्वे की यात्रा पर थे।
मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति मटारेला के साथ भारत-इटली की मित्रता से जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा की, जिसमें व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक संपर्क शामिल हैं।
मोदी ने कहा, ‘‘हमने इस बारे में बात की कि हमारे देश एआई, महत्वपूर्ण खनिजों, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में कैसे मिलकर काम कर सकते हैं।’’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए।
जायसवाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने भारत-इटली की मजबूत और टिकाऊ साझेदारी को फिर से दोहराया।’’
उन्होंने कहा कि मोदी और मटारेला ने ‘‘व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, एआई और संस्कृति समेत विभिन्न क्षेत्रों पर बातचीत की।’’
इटली में भारतीय दूतावास के मुताबिक, हाल के सालों में भारत और इटली के बीच आर्थिक जुड़ाव बढ़ा है और 2025 में दोनों देशों का व्यापार 14.25 अरब यूरो तक पहुंच गया।
भारत का निर्यात 8.55 अरब यूरो रहा, जबकि 2025 में इटली का भारत को निर्यात 5.70 अरब यूरो दर्ज किया गया, जो 2024 के मुकाबले 9.42 प्रतिशत ज्यादा है।
दोनों देशों ने 2029 तक सालाना द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है।
इटली यूरोपीय संघ में भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापार साझेदार है और उसने अपनी वैश्विक व्यापार रणनीति के तहत भारत को प्राथमिकता वाले देशों में से एक माना है। (भाषा)


