ताजा खबर
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर पोस्ट कर राहुल गांधी पर निशाना साधा है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “राहुल गांधी को भारत और भारत में बनी हर वस्तु से इतनी नफ़रत क्यों है? भारत आज मेड इन इंडिया और लोकल गोज़ ग्लोबल के ज़रिये दुनिया का ट्रस्टेड डेस्टिनेशन बना है, लेकिन कांग्रेस को हर भारतीय उपलब्धि में समस्या ही दिखाई देती है.”
उन्होंने आगे लिखा, “जिस वैश्विक सम्मान, निवेश और भरोसे के लिए देश दशकों तक इंतज़ार करता रहा, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत अर्जित कर रहा है तो वह राहुल गांधी से सहन नहीं हो रहा है.”
दरअसल कुछ देर पहले, इटली की पीएम जियोर्जिया मेलोनी ने एक्स पर वीडियो शेयर किया जिसमें प्रधानमंत्री मोदी उन्हें टॉफ़ी का एक पैकेट देते दिख रहे हैं.
इस पर राहुल गांधी ने लिखा, “आर्थिक तूफ़ान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बाँट रहे हैं. किसान, युवा, महिलाएं, मज़दूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं, पीएम हंसकर रील बना रहे हैं, और बीजेपी वाले ताली बजा रहे हैं. यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है." (bbc.com/hindi)


