ताजा खबर

देखें VIDEO : अब दुर्ग-बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नर प्रणाली की तैयारी
20-May-2026 5:00 PM
देखें VIDEO : अब दुर्ग-बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नर प्रणाली की तैयारी

 रायपुर में अच्छे रिजल्ट मिल रहे-विजय शर्मा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 मई। राज्य सरकार रायपुर के बाद अब दुर्ग और बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की तैयारी में है। इस दिशा में प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी संकेत दिए हैं कि दोनों बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम की जरूरत महसूस की जा रही है।

मीडिया से चर्चा के दौरान शर्मा ने कहा कि रायपुर में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम बेहतर ढंग से काम कर रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्ग और बिलासपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में भी कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की जा सकती है।

बताया गया कि रायपुर के बाद दुर्ग में पुलिस कमिश्नरेट लागू करने की तैयारी काफी पहले शुरू हो चुकी थी। सूत्रों का कहना है कि पुलिस मुख्यालय ने दुर्ग और भिलाई को मिलाकर कमिश्नरेट गठन के संबंध में दुर्ग के तत्कालीन आईजी से प्रस्ताव भी मांगा था। प्रस्ताव तैयार होने के बावजूद उस पर आगे कार्रवाई नहीं हो सकी। कहा जा रहा है कि सरकार पहले रायपुर में लागू पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के परिणामों और उसके प्रभाव का आकलन करना चाहती थी।

रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट की घोषणा 15 अगस्त को हुई थी, लेकिन 23 जनवरी को लागू किया गया। पहले 11 थानों को मिलाकर पुलिस कमिश्नरेट लागू करने की घोषणा की गई है। दुर्ग और बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नरेट बनाने पर जल्द फैसला हो सकता है। चर्चा है कि इस साल दोनों ही शहरों में पुलिस कमिश्नरेट लागू किया जा सकता है।

अब रायपुर में व्यवस्था के अनुभव और प्रशासनिक फीडबैक के आधार पर दुर्ग और बिलासपुर में भी इस प्रणाली को लागू करने की कवायद तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि बढ़ती आबादी, शहरी विस्तार और अपराध नियंत्रण की चुनौतियों को देखते हुए बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था अधिक प्रभावी साबित हो सकती है।

 


अन्य पोस्ट