ताजा खबर
एसईसीएल मुख्यालय में जुटे देशभर के बिजली और एनआरएस सेक्टर के उपभोक्ता, उत्पादन और डिस्पैच लक्ष्य पर जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 20 मई। कोल इंडिया के सेंट्रल और वेस्टर्न जोन के पावर एवं एनआरएस सेक्टर के उपभोक्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य कोयला आपूर्ति, गुणवत्ता प्रबंधन और संचालन से जुड़ी समस्याओं पर उपभोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित करना रहा।
बैठक में एसईसीएल के सीएमडी हरिश दुहन, कोल इंडिया के डायरेक्टर (मार्केटिंग) मुकेश चौधरी, एसईसीएल के डायरेक्टर (टेक्निकल/ऑपरेशन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार और डायरेक्टर (प्लानिंग/प्रोजेक्ट्स) रमेशचंद्र महापात्र मौजूद रहे।
सीएमडी हरिश दुहन ने कहा कि एसईसीएल उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण कोयला और समय पर डिस्पैच सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में कंपनी ने 195 मिलियन टन कोयला उत्पादन और 200 मिलियन टन ऑफटेक का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को परिचालन दक्षता और बेहतर समन्वय के जरिए हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।
कोल इंडिया के डायरेक्टर (मार्केटिंग) मुकेश चौधरी ने कहा कि कंपनी लगातार यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि उपभोक्ताओं को निर्धारित गुणवत्ता का कोयला मिले और सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने गुणवत्ता संबंधी शिकायतों और ग्रेड स्लिपेज को कम करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में करीब 125 उपभोक्ता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कोयला आपूर्ति, गुणवत्ता नियंत्रण, लॉजिस्टिक्स और आपसी तालमेल को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपभोक्ताओं ने अपने सुझाव और समस्याएं भी साझा कीं, जिन पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया गया।
शाम को एसईसीएल मुख्यालय के सीएमडी कॉन्फ्रेंस हॉल में छत्तीसगढ़ स्पंज आयरन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन और स्पंज आयरन उद्योग से जुड़े उपभोक्ताओं के साथ अलग बैठक आयोजित की गई। इसमें उद्योग से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।


