ताजा खबर
आदेशों और नोटिसों के संचालन पर अंतरिम स्थगन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 20 मई। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने रायपुर की जामा मस्जिद ट्रस्ट कमेटी में मुतवल्ली चुनाव को लेकर चल रहे विवाद पर अंतरिम आदेश जारी किया है। कोर्ट ने 4, 5 और 7 मई 2026 को जारी आदेशों और नोटिसों के प्रभाव एवं संचालन पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है।
यह आदेश जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ ने रिट याचिका (सिविल) क्रमांक 2559/2026 की सुनवाई के दौरान दिया।
मामले में याचिकाकर्ता जोया खान ने छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा जारी चुनाव प्रक्रिया को चुनौती दी है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि रायपुर स्थित जामा मस्जिद ट्रस्ट कमेटी, हलवाई लाइन के मुतवल्ली पद के चुनाव के लिए वक्फ बोर्ड ने मनमाने और अवैधानिक तरीके से आदेश जारी किए।
याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अमृतो दास और अधिवक्ता श्रेयांश मेहता ने पक्ष रखा। उन्होंने अदालत को बताया कि चुनाव संबंधी आदेश और नोटिस नियमों के विपरीत जारी किए गए हैं, इसलिए उनके प्रभाव पर रोक लगाई जानी चाहिए।
वहीं, राज्य शासन और अन्य पक्षों की ओर से पेश अधिवक्ताओं ने तर्क दिया कि वक्फ बोर्ड को ऐसे आदेश जारी करने का अधिकार प्राप्त है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि मामला मुतवल्ली चुनाव से जुड़ा है, इसलिए विस्तृत सुनवाई आवश्यक है। समयाभाव के चलते अगली सुनवाई जून 2026 के चौथे सप्ताह में तय की गई है। तब तक अदालत ने अंतरिम राहत देते हुए संबंधित आदेशों और नोटिसों के संचालन पर रोक लगा दी है।
मोबाइल खरीदने निकले चार दोस्त दुर्घटना के शिकार, एक की मौत
जांजगीर-चांपा, 20 मई। जांजगीर-चांपा जिले में तेज रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली। अकलतरा-खटोला मार्ग पर कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कोटगढ़ गांव के चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मोबाइल खरीदने अकलतरा जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि 25 वर्षीय भूपेंद्र धीवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बुधराम धीवर, डेमन धीवर और भोलू गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अकलतरा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


