ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 20 मई। धमतरी के कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी जब रात्रि गश्त पर तैनात थे तभी सिहावा चौक में एक सडक़ हादसे में उनकी मौत हो गई, जबकि एक नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार रायपुर में किया जा रहा है।
घटना बुधवार सुबह करीब 3.30 बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी एवं नगर सैनिक दिलीप पांडे रात्रि गश्त पर थे। गश्त के दौरान जैसे ही वे सिहावा चौक पहुंचे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक नगर सैनिक दिलीप पांडे चला रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद पिकअप चालक बाइक को करीब 100 मीटर से अधिक दूरी तक घसीटते ले गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।


