ताजा खबर

नाबालिग का अपहरण कर ले गया युवक, बदनामी के डर से पिया, पिलाया जहर
20-May-2026 11:23 AM
नाबालिग का अपहरण कर ले गया युवक, बदनामी के डर से पिया, पिलाया जहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 20 मई। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास से जुड़ा मामला सामने आया। आरोपी ने सामाजिक बदनामी के डर से खुद जहर पीने के साथ ही अपहृत किशोरी को भी कीटनाशक पिला दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक 11 मई की दोपहर करीब एक बजे किशोरी घर से चॉइस सेंटर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, मगर उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद बलौदा थाने में अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने किशोरी और आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी उत्तम सिंह निर्मदा उर्फ ननकू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह किशोरी को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद बदनामी के डर से उसने खुद भी कीटनाशक पिया और किशोरी को भी पिला दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसके खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है।


अन्य पोस्ट