ताजा खबर
नॉर्वे में भारतीय विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ़्रेंस में एक पत्रकार और मंत्रालय के अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक देखी गई. इसके बाद भारत में विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया आई है.
शिवसेना (यूबीटी) की नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "महिला पत्रकार झगड़ा करने आई थी, उसे वही पुराने लंबे भारतीय जवाब मिले. साथ ही धैर्य रखने और योग के ज़रिए गहरी सांस लेने की सीख मिली. हम भारतीय दुनिया को धैर्य सिखाने में अच्छे हैं."
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व सांसद साकेत गोखले ने कहा कि विदेश मंत्रालय को बस एक सवाल का जवाब ही तो देना था.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "इस लंबे ग़ुस्से भरे भाषण की जगह, विदेश मंत्रालय को बस एक सवाल का जवाब देना चाहिए: पीएम मोदी भारत या बाहर प्रेस से सवाल लेने से क्यों डरते हैं? ये तो सिर्फ़ सवाल हैं. किसी भी लोकतंत्र में ये सामान्य बात है. मोदी ही ऐसे नेता क्यों हैं जो सवालों से इतना डरते हैं?" (bbc.com/hindi)


