ताजा खबर

अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश
19-May-2026 3:07 PM
अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश

 साढ़े 63 लाख के सोने और नगदी के साथ यूपी से 2 गिरफ्तार

 'छत्तीसगढ़' संवाददाता

भिलाई नगर, 19 मई।
दुर्ग और भिलाई के नेहरू नगर इलाके में दिनदहाड़े हो रही चोरियों की वारदातों को चुनौती के रूप में लेते हुए दुर्ग पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरोह के मुख्य सरगना सहित चोरी का माल खरीदने वाले एक ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है।
ज्ञात हो कि आरोपियों के कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना (कीमत 60 लाख रुपये) और 3.50 लाख रुपये नगद, कुल 63.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग
लगातार हो रही चोरियों के बाद दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सुपेला थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। घटनास्थलों के आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को आरोपियों का पुख्ता सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल मेरठ और दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
मेरठ और भोपाल पुलिस के सक्रिय सहयोग से दुर्ग पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी हासीम खान को हिरासत में लिया।
फेरीवाला बनकर करते थे रेकी, रायपुर में बनाया था ठिकाना
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी हासीम खान ने अपने बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। आरोपियों ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए बिलासपुर से एक एक्टिवा गाड़ी सीजी 10 एके 4136 खरीदी थी। गिरोह के सदस्य रायपुर के मोदहापारा में किराए का मकान लेकर रह रहे थे।

वे दिन में दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और नवा रायपुर की गलियों में कपड़ा और कालीन (गलीचा) बेचने वाले फेरीवाले बनकर घूमते थे। इस दौरान जिस घर के मेन गेट पर ताला लटका मिलता, उसे ये अपना निशाना बनाते थे। वारदात के वक्त एक आरोपी बाहर निगरानी (रेकी) करता था और दूसरा घर के अंदर घुसकर तिजोरी साफ कर देता था।

चोरी का सोना खरीदने वाला भी गिरफ्तार
आरोपी हासीम खान की निशानदेही पर पुलिस ने मेरठ के 'सलीम ज्वेलर्स' के संचालक सलीम खान को भी गिरफ्तार किया है।
आरोपी हासीम चोरी का सारा सोना इसी सुनार को बेचता था। पुलिस ने सुनार के पास से चोरी का पूरा माल और नगदी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में हासीम खान (24 वर्ष) निवासी श्याम नगर रोड, शालीमार गार्डन मेरठ, सलीम खान (28 वर्ष) ज्वेलर्स संचालक निवासी शिवालकास, मेरठ शामिल हैं।

अन्य राज्यों में भी फैला था नेटवर्क, टीमें रवाना
पूछताछ में आरोपियों ने दुर्ग-भिलाई के आलावा बिलासपुर (तिफरा), नवा रायपुर और मध्य प्रदेश के जबलपुर में भी चोरी की कई बड़ी वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। दुर्ग पुलिस के मुताबिक, गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर कैंप कर रही हैं। जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट