ताजा खबर

पिकनिक से लौट रहे युवकों से भरा ऑटो खाई में गिरा, दो की मौत, 7 घायल
19-May-2026 12:07 PM
पिकनिक से लौट रहे युवकों से भरा ऑटो खाई में गिरा, दो की मौत, 7 घायल

तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 19 मई। कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे पिकनिक ट्रिप को मातम में बदल दिया। कर्रीघाट से लौट रहे युवकों से भरा एक ऑटो सतरेंगा मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि सात से अधिक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि ऑटो में करीब 10 युवक सवार थे। सभी युवक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा मोहल्ले के रहने वाले थे और कर्रीघाट घूमने गए थे। लौटते समय सतरंगा मुख्य मार्ग पर एक मोड़ के पास तेज रफ्तार ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ते ही ऑटो सीधे पुल के नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कई युवक ऑटो के नीचे दब गए थे। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। निजी वाहनों की मदद से सभी को तत्काल बालको अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल युवकों को बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

इस हादसे में खरमोरा निवासी 20 वर्षीय सत्यम यादव, पिता रामकुमार यादव की मौत हो गई। एक अन्य युवक की भी जान चली गई। वहीं घायल युवकों में 19 वर्षीय विष्णु कंवर, 22 वर्षीय भवानी कंवर, 23 वर्षीय नीरज कुमार और 20 वर्षीय वासु कंवर सहित अन्य शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक अधिकांश घायलों की हालत स्थिर है, लेकिन दो युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

एक घायल ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। ऑटो पलटते ही कई युवक नीचे दब गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, जिससे अन्य युवकों की जान बच सकी।

हादसे की खबर मिलते ही परिजन बालको अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। अस्पताल परिसर में देर रात तक अफरा-तफरी और रोते-बिलखते परिजनों का जमावड़ा लगा रहा।

प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि ऑटो निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चल रहा था। साथ ही वाहन तेज रफ्तार में था। मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 


अन्य पोस्ट