ताजा खबर
अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में दो युवक गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मुंगेली, 19 मई। मुंगेली जिले में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लापता नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों नाबालिगों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
पहला मामला जरहागांव थाने का है। यहां 24 अप्रैल को एक नाबालिग लड़की अचानक घर से लापता हो गई थी। बताया गया कि लड़की का पिता सुबह मजदूरी के लिए घर से निकला था। शाम को लौटने पर बेटी घर में नहीं मिली। परिवार ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जहां गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लड़की को तखतपुर निवासी विनय सिंह ठाकुर अपने साथ लेकर गया है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और अन्य माध्यमों से दोनों की तलाश तेज कर दी। जांच में पता चला कि दोनों हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वहां रवाना हुई और दबिश देकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी विनय सिंह ठाकुर ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को अपने पास रखा और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है।
दूसरा मामला चिल्फी थाना क्षेत्र की डिंडोरी चौकी का है। यहां 13 मई को एक अन्य नाबालिग लड़की घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुम इंसान कायम कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किशोरी अपने प्रेमी के साथ गई है।
इसके बाद ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से तलाश अभियान तेज किया। जांच में पता चला कि दोनों लीलापुर गांव में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डिंडोरी चौकी क्षेत्र के लीलापुर निवासी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील (20 वर्ष) नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने उसके खिलाफ भी अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत लापता बच्चों और किशोरियों की तलाश लगातार जारी है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


