ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 19 मई। कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के कोरई बस्तीपारा में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक 30 वर्षीय किशन कुमार, पिता बहारन सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि घटना रविवार रात की है। किशन अपने कमरे में अकेला था। सोमवार सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्य कमरे के भीतर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। किशन कमरे में लगे पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर लटका हुआ था।
परिजनों ने तत्काल बांकीमोंगरा पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतारा। पंचनामा कार्रवाई कर परिजनों के बयान दर्ज किए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार किशन कुमार की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी, लेकिन दंपती की कोई संतान नहीं थी। पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी कुछ समय पहले मायके चली गई थी। इसके बाद से वह घर में अकेले रह रहा था।
परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि किशन रोज की तरह रविवार को भी काम पर गया था। शाम को लौटने के बाद उसने अपने कमरे में खाना खाया। घरवालों को लगा कि वह खाना खाकर सो गया है, लेकिन रात में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।


