ताजा खबर
सुशासन तिहार 2026: जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
रायपुर, 18 मई। 'सुशासन तिहार के तहत निगम जोन -5 में आयोजित ‘जनसमस्या निवारण शिविर' में सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। अश्वनी नगर स्थित महाराष्ट्रीयन तेली समाज भवन में आयोजित इस शिविर में वार्ड 39, 40, 41, 42, 66, 67 एवं 68 के नागरिकों के लिए लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टालों का उन्होंने निरीक्षण किया और आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान महापौर श्रीमती मीनल चौबे, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी तथा सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने शिविर का निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की।
सांसद अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदन और शिकायतों पर एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पेंशन और राशन कार्ड जैसी मूलभूत समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था जोन कार्यालयों में नियमित रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। इससे नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ‘मोर जमीन मोर मकान’ योजना से दो हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र 26 को तत्काल नए एपीएल एवं बीपीएल राशन कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिया गए।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सहायिकाओं सुश्री पूर्णिमा सोनी और सुश्री मंजू चौबे को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
शिविर में निगम आयुक्त संबित मिश्रा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नंदकुमार चौबे, अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर खीरसागर नायक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


