ताजा खबर
2 डीसीपी समेत 38 लोगों ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाल पकड़ा
आरोपी तक पहुंची पुलिस
रैपिडो चलाने वाला आरोपी राजीव नगर से हिरासत में लिया गया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 मई। पुलिस ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक से मोबाइल छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के तलाश में 2 डीसीपी, 2 एडीसीपी, 3 एसीपी और 3 टीआई समेत क्राईम ब्रांच के 30 जवानों की टीम जांच में जुटी रही।
पुलिस ने छीना गया मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल मोटर सायकल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह लगभग 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात मोटर सायकल सवार युवक ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच एवं विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों को तत्काल आरोपी की पतासाजी में लगाया गया। जांच के दौरान घटना स्थल और संभावित रूट के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस को सक्रिय करते हुए आरोपी की लगातार तलाश की जाती रही।

पुलिस ने घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव 19 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी मूलतः जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का निवासी है तथा वर्तमान में थाना खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत राजीव नगर रायपुर में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी यदा-कदा रैपिडो चलाने का कार्य भी करता था। कमिश्नर डा संजीव शुक्ला ने कहा कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट प्रत्येक अपराध को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर रहा है। अपराधियों की शीघ्र पहचान, गिरफ्तारी तथा छीने और चोरी गए माल मशरूका की बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


