ताजा खबर

साइबर ठगी स्लीपर सेल के तीन आरोपी अंबिकापुर से गिरफ्तार
18-May-2026 1:21 PM
साइबर ठगी स्लीपर सेल के तीन आरोपी अंबिकापुर से गिरफ्तार

देशभर में 60 से ज्यादा साइबर फ्रॉड शिकायतों से जुड़े मिले खाते

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 18 मई। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने कथित म्यूल अकाउंट सिंडिकेट से जुड़े तीन आरोपियों को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी साइबर ठगों के लिए स्लीपर सेल की तरह काम कर रहे थे और कमीशन लेकर बैंक खातों की जानकारी उपलब्ध कराते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में नवापारा अंबिकापुर निवासी नवनीत मिश्रा उर्फ विक्की पंडित, कंपनी बाजार निवासी ऋषभ साहू और दिगमा निवासी राजा घरानी शामिल हैं। तीनों को पुलिस टीम ने अंबिकापुर से हिरासत में लेकर बिलासपुर लाकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, 13 मई को तारबाहर पुलिस ने दीपेश कुमार गुप्ता नामक आरोपी को म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने के मामले में गिरफ्तार किया था। उसके मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इन तीनों आरोपियों के नाम सामने आए।

जांच में पता चला कि आरोपी आपस में व्हाट्सएप और मोबाइल माध्यम से लोगों के बैंक खातों की जानकारी साझा करते थे। इन्हीं खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम को ट्रांसफर और निकालने में किया जाता था। प्रारंभिक तकनीकी जांच में देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज 60 से अधिक साइबर फ्रॉड शिकायतें इन खातों से जुड़ी मिली हैं।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के म्यूल अकाउंट सिंडिकेट साइबर अपराधियों के लिए स्लीपर सेल की तरह काम करते हैं। ये आम लोगों के बैंक खाते कमीशन पर लेकर उन्हें संगठित साइबर गिरोहों तक पहुंचाते हैं, जिससे करोड़ों रुपये की ठगी की रकम आसानी से इधर-उधर की जा सके और असली अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाए।

मामले में आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। मोबाइलों की फोरेंसिक और तकनीकी जांच जारी है। साथ ही आरोपियों और उनसे जुड़े अन्य लोगों के बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


अन्य पोस्ट