ताजा खबर

भाजपा प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को दिए गए राष्ट्र और संगठन के मंत्र
18-May-2026 10:04 AM
भाजपा प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को दिए गए राष्ट्र और संगठन के मंत्र

सोशल मीडिया से मीडिया मैनेजमेंट तक हुई चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 18 मई। भाजपा जिला ग्रामीण द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान के पहले दिन रविवार को कार्यकर्ताओं को राष्ट्र, संगठन और वर्तमान चुनौतियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कोनी स्थित रामतला के शिव मंगल भवन में आयोजित इस शिविर में सात अलग-अलग सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने का प्रयास किया गया।

प्रशिक्षण शिविर में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, सामरिक और कूटनीतिक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन देश के भीतर और बाहर कुछ ताकतें अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही हैं। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि राष्ट्रहित के खिलाफ काम करने वाली ऐसी शक्तियों के प्रति सजग रहना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा ध्वजारोहण और भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान पार्टी के इतिहास, संस्थापक नेताओं के योगदान और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई।

प्रशिक्षण के पहले सत्र में शिविर प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने भाजपा के इतिहास पर जानकारी दी। पूर्व सांसद लखनलाल साहू ने कार्यकर्ताओं के आचरण और विकास के विषय पर बात रखी। सोशल मीडिया के उपयोग पर राज्य सह संयोजक राकेश चंद्राकर ने सुझाव दिए, जबकि विधायक सुशांत शुक्ला ने संगठन विस्तार और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। मीडिया प्रबंधन पर भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने मार्गदर्शन दिया।

शिविर में भाजपा जिला ग्रामीण के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, विभिन्न मोर्चों और मंडलों के अध्यक्ष व महामंत्री मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट