ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 17 मई। दुर्ग जिले के थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते बेटे द्वारा अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मई को मनीष पटेल ने चौकी पहुंच कर सूचना दी कि उसकी बुआ सरस्वती पटेल की किसी अज्ञात व्यक्ति ने ठोस वस्तु से हमला कर हत्या कर दी है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतका के पुत्र अश्वनी पटेल से पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसकी मां द्वारा खाना नहीं बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर उसने घर में रखे लकड़ी के डंडे से मां के सिर, माथे, हाथ, छाती और पेट पर लगातार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतका का पोस्टमार्टम चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में कराया गया। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में शरीर पर कई गंभीर चोटों के कारण मौत होना बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी अश्वनी पटेल के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।


