ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 17 मई। धमधा थाना पुलिस ने मरचूरी रोड पर घेराबंदी कर एक शातिर शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो अपनी एक्टिवा स्कूटर की डिग्गी में अवैध शराब छिपा कर बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में देशी मसाला शराब, बिक्री की रकम और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी जब्त कर ली है।
थाना धमधा से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि बस स्टैंड इलाके का रहने वाला एक युवक मरचूरी रोड स्थित शेड के नीचे अपनी नीले रंग की एक्टिवा में अवैध रूप से शराब रखकर ग्राहकों को तलाश रहा है और उसकी बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही धमधा थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने जब मरचूरी रोड शेड के पास दबिश दी, तो वहां एक संदिग्ध युवक स्कूटी के पास खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आता देख उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जितेन्द्र साहू निवासी धमधा बस स्टैंड, वार्ड क्रमांक 07) बताया।
डिग्गी खोलते ही खुली पोल
जब पुलिस ने जितेन्द्र की नीले रंग की एक्टिवा (क्रमांक सीजी 07 सीडब्ल्यू 0459) की तलाशी ली, तो उसकी डिग्गी के अंदर से अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। डिग्गी के भीतर 30 पौवा देशी शोले मसाला मदिरा (कुल मात्रा 5400 एमएल) छिपाई गई थी। इसके साथ ही आरोपी के पास से शराब बिक्री की नगद रकम 300 रुपये भी बरामद की गई। पुलिस ने शराब और एक्टिवा जब्त की है।
धमधा पुलिस ने आरोपी जितेंद्र साहू के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। चूंकि यह धारा गैर-जमानती है, इसलिए आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


