ताजा खबर

कांग्रेस का प्रलाप, 'नक्सली-कांग्रेस भाईचारे' का बेनकाब होना है- विजय
17-May-2026 5:52 PM
कांग्रेस का प्रलाप, 'नक्सली-कांग्रेस भाईचारे' का बेनकाब होना है- विजय

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 17 मई ​ । भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी और प्रलाप की तीखे शब्दों में निंदा की है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने नक्सलवाद और आतंकवाद के खात्मे का संकल्प सिद्ध किया है। उनके बस्तर आगमन से कांग्रेस को तकलीफ होना यह साबित करता है कि कांग्रेस और नक्सलियों का भाईचारा आज भी कायम है।

 डॉ. मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह की दृढ़ इच्छा शक्ति से आज बस्तर नक्सल मुक्त हुआ है, जो कांग्रेसियों को रास नहीं आ रहा है। आज बस्तर की जनता नक्सल हिंसा और खौफ के साये से मुक्त होकर पहली बार खुले आसमान में साँस ले रही है। बस्तर की धरा पर शांति, सुरक्षा और चौतरफा विकास का जो नया सवेरा हुआ है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। लेकिन, बस्तर का यह बदलाव और वहाँ के आदिवासियों के चेहरों की मुस्कान कांग्रेस को हजम नहीं हो रही है। डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जब-जब सुरक्षाबल ने नक्सलियों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की और नक्सलवाद के ताबूत में कील ठोकी, तब-तब कांग्रेसियों का दर्द छलक कर बाहर आता रहा है और अब कांग्रेस का यह प्रलाप और कुछ नहीं, बल्कि उनके और नक्सलियों के बीच के उस 'भाईचारे' की छटपटाहट है, जिसके दम पर उन्होंने बस्तर को दशकों तक विकास से महरूम रखा और उसे अपनी राजनीतिक रोटियाँ सेंकने का अखाड़ा बनाए रखा।

​शाह के दृढ़ संकल्प से बस्तर हुआ नक्सल मुक्त : देव

 प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर आगमन प्रदेश और विशेषकर बस्तर संभाग की जनता के लिए ऐतिहासिक होगा। श्री देव ने कहा कि श्री शाह का बस्तर दौरा इस क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए मील के पत्थर के समान है।  श्री देव ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह के रणनीतिक कौशल की चर्चा करते हुए कहा कि जब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री के रूप में श्री शाह ने कमान संभाली है, तब से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। श्री देव ने कहा कि श्री शाह ने देश से वामपंथी उग्रवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने का जो संकल्प लिया था, उसका सबसे सकारात्मक असर हमारे बस्तर में देखने को मिल रहा है। बस्तर जो कभी नक्सली हिंसा के साये में जीने को मजबूर था, आज वहां भय का माहौल खत्म हो रहा है। ​छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनते ही नक्सलियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। श्री शाह के कुशल मार्गदर्शन और राज्य पुलिस व केंद्रीय सुरक्षा बलों के आपसी तालमेल के कारण आज देश में नक्सलवाद बैकफुट पर है।
श्री देव ने कहा कि बस्तर के सुदूर अंचलों में नए सुरक्षा कैम्प स्थापित कर सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है। भाजपा की राज्य सरकार केवल सुरक्षा के मोर्चे पर ही नहीं, बल्कि बस्तर के सर्वांगीण और सर्वतोमुखी विकास के लिए चौतरफा कार्य कर रही है। बस्तर का विकास हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘नियद नेल्लानार’ के माध्यम से बस्तर के प्रभावित और अंदरूनी गाँवों तक बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाई जा रही हैं। सुरक्षा कैम्पों के आसपास के गाँवों में सड़क, बिजली, शुद्ध पेयजल, स्कूल, अस्पताल और राशन जैसी मूलभूत सुविधाएँ युद्ध स्तर पर मुहैया कराई जा रही हैं। इसी तरह भाजपा सरकार आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित है।


अन्य पोस्ट