ताजा खबर

कांग्रेस ने फिर जताया गफ्फार परिवार पर भरोसा, आजम होंगे उम्मीदवार
17-May-2026 12:34 PM
कांग्रेस ने फिर जताया गफ्फार परिवार पर भरोसा, आजम होंगे उम्मीदवार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 17 मई। नगर निगम के तारबाहर जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर के उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने पूर्व बीडीए अध्यक्ष दिवंगत शेख गफ्फार के भतीजे और दिवंगत पूर्व पार्षद शेख असलम के पुत्र मोहम्मद आजम को प्रत्याशी घोषित कर एक बार फिर गफ्फार परिवार पर भरोसा जताया है।

इस वार्ड से टिकट के लिए पांच दावेदार मैदान में थे, लेकिन लंबी कवायद और संगठनात्मक मंथन के बाद आखिरकार आजम के नाम पर मुहर लगी। कांग्रेस ने उम्मीदवार चयन के लिए 11 सदस्यीय विशेष समिति बनाई थी, जिसने बूथ और मंडल स्तर तक फीडबैक जुटाया। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से राय लेने के बाद मोहम्मद आजम को सबसे मजबूत और स्वीकार्य चेहरा माना गया।

वार्ड 29 में गफ्फार परिवार का राजनीतिक प्रभाव लंबे समय से बना हुआ है। पिछले तीन दशक से यह क्षेत्र परिवार का मजबूत गढ़ है। ऐसे में कांग्रेस ने पुराने जनाधार और पारिवारिक पकड़ को इस चुनाव में फिर से भुनाने की रणनीति अपनाई है।

इस चुनाव में सहानुभूति फैक्टर भी अहम माना जा रहा है। पूर्व पार्षद और संभावित उम्मीदवार रहे शेख असलम के असामयिक निधन के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच भावनात्मक माहौल बना हुआ है। कांग्रेस इसी जनभावना को वोटों में बदलने की कोशिश में दिखाई दे रही है। पार्टी नेताओं का मानना है कि आजम को मैदान में उतारने से परिवार के पारंपरिक समर्थकों के साथ-साथ सहानुभूति वोट भी कांग्रेस के पक्ष में आ सकते हैं।

दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी अभी तक उम्मीदवार चयन को लेकर स्पष्ट तस्वीर पेश नहीं कर पाई है। पार्टी ने इस संबंध में औपचारिक बैठक की है, पर फैसला नहीं लिया है। प्रदेश और नगर निगम की सत्ता में होने के चलते भाजपा पर इस समय अपनी ताकत दिखाने का दबाव बना हुआ है।

कांग्रेस की चयन प्रक्रिया में अब्दुल तस्लीम, सोहेल खालिक, सुनील पाली और जयपाल निर्मलकर ने भी टिकट के लिए दावेदारी पेश की थी।


अन्य पोस्ट