ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बीजापुर, 17 मई। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के पोन्दुम गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 10 मवेशियों की मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना शनिवार शाम करीब साढ़े 7 बजे की है। उस समय मवेशी खेत और खुले स्थान में थे। मौसम बदलने के बाद आकाशीय बिजली गिरने से मवेशियों की मौके पर मौत हो गई। घटना से प्रभावित पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
मृत मवेशियों के मालिकों में लक्ष्मण हपका, बुधराम हपका और दशरथ बघेल के दो-दो मवेशी शामिल हैं, जबकि पिंकी बघेल, सुंदरी हपका, आसमती हपका और मन्नू हपका के एक-एक मवेशी की मौत हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि अधिकांश मवेशी सफेद रंग के थे।
ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। मवेशियों की मौत से प्रभावित परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने प्रशासन से सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने प्राकृतिक आपदा से हुई घटना पर दुख जताते हुए शासन से राहत सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।


