ताजा खबर

“नवोदय – नई सुबह की ओर” का शुभारंभ, बाल अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस की नई पहल
16-May-2026 8:02 PM
“नवोदय – नई सुबह की ओर” का शुभारंभ, बाल अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस की नई पहल

5 थानों में नाबालिगों के पुनर्वास योजना शुरू 

रायपुर, 16 मई। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बाल अपराध की रोकथाम, नाबालिगों के पुनर्वास तथा उन्हें पुनः अपराध की दुनिया में जाने से रोकने के उद्देश्य से शनिवार को  “नवोदय – नई सुबह की ओर” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 
  इन बच्चों के मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक वातावरण में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें पुनः अपराध की ओर जाने से रोका जा सके।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में “डाइवर्जन प्रोग्राम” संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत बच्चों के रहन-सहन, पारिवारिक स्थिति, सामाजिक परिस्थितियों एवं मानसिक अवस्था का अध्ययन कर आवश्यक सहयोग एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बाल कल्याण अधिकारियों एवं किशोर न्याय बोर्ड के माध्यम से बच्चों को विधिक संरक्षण एवं आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।

“नवोदय – नई सुबह की ओर” कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास , स्वास्थ्य, श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं सहित कुल 08 विभागों को जोड़ा जाएगा । 
कार्यक्रम में  काउंसिल फॉर सोशल जस्टिस एवं यूनिसेफ के वॉलिंटियर्स सक्रिय भूमिका निभाएंगे। जो विधि से संघर्षरत बालकों एवं उनके परिवारों को आवश्यक परामर्श देने  तथा उन्हें विभिन्न विभागों की योजनाओं से जोड़ने का कार्य करेंगे।

कार्यक्रम के आगामी चरणों में मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञों को भी जोड़ा जाएगा, जिनके माध्यम से बार-बार छोटे अपराधों में संलिप्त पाए जाने वाले बच्चों की नियमित काउंसलिंग की जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना, उनमें सकारात्मक सोच विकसित करना एवं भविष्य में गंभीर अपराधों से दूर रखना है। साथ ही उनके परिजनों की भी नियमित काउंसलिंग कर अपराध प्रवृत्ति को समाप्त करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

 इस अभियान के अंतर्गत प्रारंभिक रूप से तेलीबांधा, गंज, खमतराई, टिकरापारा एवं डीडी नगर थाना क्षेत्रों का चयन किया गया है। इन क्षेत्रों में रहने वाले एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए बालकों की सूची तैयार कर उनके पुनर्वास एवं सुधार के विशेष प्रयास किए जाएंगे।कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर  पुलिस आयुक्त डॉ संजीव शुक्ला , एसीपी अमित तुकाराम कांबले, एसीपी मुख्यालय डॉ अर्चना झा ,  श्रीमती रुचि वर्मा मुख्यालय श्रीमती नंदिनी ठाकुर, यूनिसेफ की स्टेट कॉर्डिनेटर सुश्री चेतना देसाई , काउंसिल ऑफ सोशल जस्टिस  से  राम वर्मा , रमेश ,  पुरुषोत्तम , संबंधित थाना प्रभारी , बाल कल्याण अधिकारी, एवं वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट