ताजा खबर

ऋषिकेश आश्रम में बच्चों के साथ मिली 10 दिन से लापता महिला
16-May-2026 12:08 PM
 ऋषिकेश आश्रम में बच्चों के साथ मिली 10 दिन से लापता महिला

सीसीटीवी और ट्रेन फुटेज से पुलिस को मिली सफलता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 16 मई। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र स्थित सावा डबरा ग्राम पंचायत से अचानक लापता हुई महिला और उसके तीन बच्चों का मामला आखिरकार 10 दिन बाद सुलझ गया। पुलिस ने सभी को उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित एक आश्रम से सुरक्षित बरामद कर लिया है। परिवार के सकुशल मिलने के बाद परिजनों और गांव वालों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार महिला 4 मई को अपने तीन बच्चों के साथ घर से निकली थी। उसने परिवार को बताया था कि वह अपनी बहन के घर जा रही है, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटी और बहन के घर पर भी नहीं थी। मोबाइल संपर्क भी नहीं हो पाने से परिवार की चिंता बढ़ गई। काफी तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग इलाकों के 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के फुटेज में महिला अपने बच्चों के साथ उत्कल एक्सप्रेस में सफर करती दिखाई दी। यह सुराग पुलिस जांच में अहम साबित हुआ।

इसके बाद पुलिस टीम ने कई शहरों में जानकारी जुटाई और आखिरकार महिला तथा बच्चों की लोकेशन ऋषिकेश के एक आश्रम में मिली। बताया जा रहा है कि महिला धार्मिक प्रवृत्ति की है और भागवत कथा सुनने के लिए बच्चों के साथ आश्रम पहुंची थी।

पुलिस टीम के वहां पहुंचने पर महिला और बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में फैली तरह-तरह की चर्चाओं और आशंकाओं पर भी विराम लग गया।


अन्य पोस्ट