ताजा खबर
बिलासपुर, 16 मई। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव में शुक्रवार सुबह मनरेगा कार्यस्थल पर काम कर रहे पिता-पुत्री आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में पिता गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि बेटी को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर हालत में घायल मजदूर को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार घनश्याम खांडे अपनी बेटी पूनम खांडे के साथ शुक्रवार सुबह मनरेगा के काम पर गए थे। सुबह करीब 6 बजे अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इससे पहले कि वहां मौजूद मजदूर संभल पाते, पास में जोरदार आकाशीय बिजली गिर गई।
बिजली गिरने का असर सीधे घनश्याम और उनकी बेटी पूनम पर पड़ा। दोनों मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना में घनश्याम खांडे गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। वहीं पूनम खांडे को हल्का करंट लगा, जिससे उसे मामूली चोटें आईं। समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत अब सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मालूम हो कि चार दिन पहले इसी इलाके निरतू ग्राम में भी आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय दीपक पटेल की मौत हो गई थी। वह अपने दोस्तों के साथ घर से बाहर खेल रहा था। एक दूसरा बच्चा भी इस घटना में झुलस गया था।


