ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 16 मई। बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एनआईसीयू के बाहर एक युवक और सुरक्षा गार्ड के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि हिंदुत्व संगठन से जुड़े राम सिंह ठाकुर ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ अभद्रता करते हुए उसका कॉलर पकड़ लिया और मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एनआईसीयू के बाहर सफाई और पोछा लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान राम सिंह ठाकुर वहां पहुंचे। ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड मनीष कश्यप ने उन्हें कुछ देर रुकने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि बात बढ़ने पर राम सिंह गुस्से में आ गए और गार्ड का कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की करने लगे। इस दौरान गार्ड की वर्दी फट गई और गले की चेन तथा लॉकेट भी टूट गया। मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया, लेकिन इसके बाद भी काफी देर तक अस्पताल परिसर में हंगामा चलता रहा।
वायरल वीडियो में युवक सुरक्षा गार्ड को धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है कि वह दो बाप को लेकर आएगा, डीन और स्वास्थ्य मंत्री तक को बुलाएगा तथा सभी से हिसाब करेगा। वह गार्ड से यह भी कहता नजर आया कि तुम नौकर हो, नौकरी करो।
घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब आधे घंटे तक विवाद चलता रहा। बाद में युवक वहां से चला गया।
सुरक्षा गार्ड मनीष कश्यप ने आरोप लगाया कि उन्होंने केवल सफाई कार्य पूरा होने तक इंतजार करने को कहा था, लेकिन इसी बात पर युवक भड़क गया और मारपीट करने लगा।
वहीं राम सिंह ठाकुर का कहना है कि सुरक्षा गार्ड आम लोगों से ठीक तरीके से बात नहीं करते और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। उनके मुताबिक यदि उन्हें विनम्रता से रोका जाता तो विवाद की नौबत नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि गार्ड ने रूखे तरीके से बात की, जिससे विवाद बढ़ गया।
घटना की शिकायत सिम्स प्रबंधन से की गई है। सिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी वीडियो फुटेज के माध्यम से मिली है और मामले की जांच कराई जा रही है।


