ताजा खबर

'सोने का आयात घटाएं, विदेशी मुद्रा बचाएं': मालू ने पीएम मोदी को भेजे 3 सुझाव
15-May-2026 10:04 PM
'सोने का आयात घटाएं, विदेशी मुद्रा बचाएं': मालू ने पीएम मोदी को भेजे 3 सुझाव

गोल्ड मोनेटाइजेशन पर बचत खाते जितना ब्याज, आयात शुल्क 15% से घटाकर 6% करने की मांग

रायपुर, 15 मई। पीएम नरेंद्र मोदी की  देशवासियों से एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषण न खरीदने की अपील के बाद रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष  हरख मालू ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। इसमें सोने के आयात में कमी लाने तीन महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।


प्रमुख सुझाव:

1. सिक्के-बार की बिक्री पर रोक: एक वर्ष तक देश में स्वर्ण सिक्कों एवं गोल्ड बार के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया जाए। हालांकि आभूषण निर्माण हेतु सोने की आपूर्ति जारी रखी जाए ताकि कारीगरों का रोजगार प्रभावित न हो।

2. गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम में ब्याज बढ़े: वर्तमान में बैंकों में सोना जमा करने पर 2% से 2.5% ब्याज मिलता है। इसे बढ़ाकर बचत खाते के बराबर किया जाए। इससे घरों में रखा निष्क्रिय सोना बैंकों में आएगा और बैंको से बाजारों मे आएगा और आयात की जरूरत कम पड़ेगी।

3. आयात शुल्क 15% से घटाकर 6% हो: सोने-चांदी पर आयात शुल्क 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया गया है। श्री मालू का कहना है कि उच्च शुल्क से तस्करी बढ़ेगी और विदेशी मुद्रा अवैध रूप से बाहर जाएगी। अतः शुल्क घटाकर वैध आयात को प्रोत्साहन दिया जाए।

हरख मालू ने पत्र में लिखा, "हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके निर्णय से राष्ट्र की विदेशी मुद्रा बचेगी और सर्राफा व्यवसाय भी सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।"

गौरतलब है कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोना उपभोक्ता देश है और हर साल बड़े पैमाने पर सोने का आयात करता है, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ता है।


अन्य पोस्ट