ताजा खबर
महानिदेशक ने डाक कर्मियों को दिया प्लान
रायपुर, 15 मई। डाक विभाग ने आज बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स सभागार, जगदलपुर में क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें बस्तर संभाग के लगभग 180 ग्रामीण डाक सेवकों (जीडीएस) ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अग्रिम पंक्ति के डाक कर्मियों की क्षमता सुदृढ़ करना तथा क्षेत्र में वित्तीय समावेशन, बीमा कवरेज और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में इंडिया पोस्ट की भूमिका को और मजबूत करना था। इस मौके पर
महानिदेशक डाक सेवायें, नई दिल्ली जितेन्द्र गुप्ता ने कहा कि बस्तर, जो हाल ही में वामपंथी उग्रवाद की छाया से बाहर आया है। इस परिवर्तन को सुदृढ़ करने में इंडिया पोस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। विशेषकर अंतिम छोर तक सरकारी सेवाओं, वित्तीय उत्पादों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने में।
महानिदेशक ने बस्तर संभाग के एक आकांक्षी संभाग होने के महत्व को रेखांकित करते हुए जीडीएस को वित्तीय साक्षरता फैलाने, बीमा कवरेज बढ़ाने तथा बचत और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की पहुँच सुगम बनाने के लिए परिवर्तन के संवाहक के रूप में कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, अजय सिंह चौहान ने ने सेवा गुणवत्ता में सुधार, ग्राहक पहुँच के विस्तार तथा डाक बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा (पीएलआई), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) सेवाओं के प्रभावी उपयोग तथा आज किये गये कार्यों के भावी पिढ़ी को होने वाले लाभ तथा राष्ट्र निर्माण में इसके असर को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का समापन प्रमुख निष्कर्षों के संक्षेप और बस्तर को वित्तीय रूप से साक्षर, पर्याप्त रूप से बीमित और डिजिटल रूप से सशक्त बनाने हेतु स्पष्ट लक्ष्यों और दिशा-निर्देशों के साथ किया गया। जीडीएस सभा ने जमीनी स्तर पर समावेशी विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति डाक विभाग की प्रतिबद्धता को पुन: सुदृढ़ किया।


