ताजा खबर
जगदलपुर में अमित शाह, और चार राज्यों के सीएम आएंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 मई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 19 मई को बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विष्णु देव साय सहित मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री श्री साय ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली।
बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि आयोजन की सभी व्यवस्थाएं गंभीरता और समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मध्य क्षेत्रीय परिषद के राज्यों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह ऐसी क्षेत्रीय परिषद है जहां सदस्य राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है और यह आपसी सहयोग तथा समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय परिषदें राज्यों तथा केंद्र और राज्यों के बीच संवाद, सहयोग और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं” और इसी सोच के साथ क्षेत्रीय परिषदें विकास और राष्ट्रीय एकता को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इन परिषदों ने राज्यों के बीच स्वस्थ सहयोग और विकासोन्मुखी सोच को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर में इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति स्थापना के बाद इस स्तर की बैठक का आयोजन यह दर्शाता है कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और नई संभावनाओं को लेकर पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन के प्रयासों से क्षेत्र में शांति स्थापित हुई है और अब बस्तर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा।


