ताजा खबर
बाजार में खपाने की कोशिश कर रहा था
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर, 15 मई। कांकेर पुलिस ने नकली नोट रखने और उन्हें चलाने की कोशिश के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के 1308 नकली नोट, कुल 6 लाख 54 हजार रुपये मूल्य के बरामद किए गए हैं। मामले में चार मोबाइल और नकली नोट छापने से संबंधित सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक थाना कांकेर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नकली नोटों को असली नोट के रूप में चलाने और बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बंसोडे के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कोदाभाट निवासी युगल नाग को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के 1100 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत 5 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किए गए। इसके अलावा ए-4 साइज के 42 पन्नों पर छपे 500 रुपये के नकली नोट, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार रुपये है, भी जब्त किए गए।
पुलिस ने सिक्योरिटी थ्रेड प्रिंट किए गए 81 पन्ने तथा चार मोबाइल भी बरामद किए हैं।
मामले में थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 159/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 178, 179 और 180 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।


