ताजा खबर
महिला उद्योगपति ने जारी की सार्वजनिक सूचना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 मई। दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ डीएसपी विशाल सोन पर सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की प्रबंध निदेशक संगीता शाह ने ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर संगीता शाह ने समाचार पत्र में ‘आम सूचना’ प्रकाशित कराई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि संगीता शाह ने पहले भी डीएसपी विशाल सोन के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन उसमें कुछ नहीं निकला था। उन्होंने कहा कि अब सार्वजनिक सूचना प्रकाशित होने की जानकारी मिली है। यदि इसमें कोई नई बात होगी, तो उसकी जांच कराई जाएगी।
बताया गया कि सिम्पलेक्स ग्रुप की प्रबंध निदेशक संगीता शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ जमीन बिक्री के मामले में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज है। इसी मामले में संगीता शाह ने डीएसपी विशाल सोन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सार्वजनिक सूचना में कहा गया है कि विवाद की शुरुआत वर्ष 2013-14 में हुई, जब विशाल सोन दुर्ग जिले के एक थाने में थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ थे। आरोप है कि उन्होंने अपनी पहुंच का फायदा उठाकर कंपनी अधिकारियों और प्रबंध निदेशक से नजदीकियां बढ़ाईं।
संगीता शाह ने आरोप लगाया है कि विशाल सोन ने नेताओं से पहचान होने का दावा करते हुए उन्हें वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिलाने का झांसा दिया और इसके एवज में बड़ी रकम की मांग की। आरोप यह भी है कि चुनाव के दौरान उन्होंने ड्यूटी से फर्जी मेडिकल अवकाश लेकर चुनाव प्रचार और रैलियों में हिस्सा लिया, जो सेवा नियमों का उल्लंघन है।
प्रकाशित सूचना के अनुसार डीएसपी विशाल सोन पर कंपनी के आंतरिक विवादों का फायदा उठाकर सिविल ठेकेदारों और भू-माफियाओं के साथ मिलकर कंपनी की चल-अचल संपत्तियों, जिनमें पुलगांव, कोहका और जुनवानी स्थित भूमि एवं व्यावसायिक परिसर शामिल हैं, को हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
संगीता शाह ने आरोप लगाया है कि उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है। साथ ही धमकी दी जा रही है कि रसूख के कारण उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता और कंपनी बंद कराकर उन्हें सडक़ पर ला दिया जाएगा।
सार्वजनिक सूचना में संगीता शाह ने कहा है कि उन्होंने 6 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक के समक्ष विस्तृत साक्ष्यों के साथ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन विशाल सोन की बड़े अधिकारियों और मंत्रियों से नजदीकी के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ‘सिस्टम की चुप्पी’ से परेशान होकर उन्हें समाचार पत्र के माध्यम से आम सूचना जारी करनी पड़ी।
श्रीमती शाह ने यह भी आरोप लगाया है कि विशाल सोन अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर उन्हें परिवार से अलग करने और कंपनी पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग गृह मंत्रालय से की है।


