ताजा खबर

आंधी-बारिश ने कोयला मालगाड़ी को बीच रास्ते में रोका
15-May-2026 3:45 PM
आंधी-बारिश ने कोयला मालगाड़ी को बीच रास्ते में रोका

तेज हवाओं से ओएचई तारों में फंसी तिरपाल, रेलवे टीम ने समय रहते टाला बड़ा हादसा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

कोरबा, 15 मई। जिले में आज सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी, बारिश और बिजली चमकने के साथ शुरू हुए खराब मौसम ने लोगों को चौंका दिया। एक ओर तापमान में गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं ने कई इलाकों में परेशानी भी खड़ी कर दी।

आंधी का असर रेलवे और कोयला परिवहन व्यवस्था पर भी देखने को मिला। खदान से विद्युत संयंत्र की ओर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी को दुर्पा रोड क्षेत्र, पवन टॉकीज के पास बीच रास्ते में रोकना पड़ा। बताया गया कि तेज हवा के कारण चलती मालगाड़ी में कोयले के ऊपर ढकी तिरपाल उड़कर ओएचई तार और पोल में फंस गई। इससे शॉर्ट सर्किट और बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मालगाड़ी चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और ओएचई लाइन में उलझी तिरपाल को सावधानीपूर्वक हटाया। इसके बाद रेल संचालन सामान्य किया गया और मालगाड़ी को आगे रवाना किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब छह बजे अचानक तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं। इसके बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई और कई इलाकों में गरज-चमक भी देखने को मिली। आंधी के चलते जगह-जगह पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। कुछ स्थानों पर बिजली के खंभों में शॉर्ट सर्किट होने से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।

मौसम विभाग ने पहले ही जिले में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की थी। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।


अन्य पोस्ट