ताजा खबर

पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक...
14-May-2026 8:05 PM
पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक...

  कलेक्टर की आयल कंपनियों के प्रतिनिधियों संग बैठक, कई फैसले  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 मई। पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने और आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने गुरुवार को ऑयल कंपनियों के संचालकों और डीलर्स की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से ईंधन की उपलब्धता बनी रहे और किसी भी स्थिति में कालाबाजारी की शिकायत नहीं आनी चाहिए। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने बताया कि ऑयल कंपनियों के डिपो से पेट्रोल-डीजल सप्लाई का समय बढ़ा दिया गया है। पहले यह समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक था, जिसे अब स्थिति सामान्य होने तक बढ़ाया गया है। साथ ही शहर में ईंधन टैंकरों की 24 घंटे आवाजाही की अनुमति दी गई है, ताकि किसी भी पेट्रोल पंप पर स्टॉक की कमी न हो। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को अधिकतम समय तक पंप खुले रखने के निर्देश भी दिए।

अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम जनता को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदने और अफवाहों से बचने की अपील की। कालाबाजारी या गड़बड़ी की सूचना कलेक्टर कॉल सेंटर के नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर दी जा सकती है। बैठक में खाद्य नियंत्रक भूपेन्द्र मिश्रा, प्रदेश एवं जिला पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धगट सहित सभी ऑयल कंपनियों के अधिकारी और डीलर्स मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट